गोविंदा ने 80 के दशक में एक से बढ़कर एक हिट फिल्में देकर जमे-जमाए हीरो के लिए खतरा पैदा कर दिया था। गोविंदा ने एक्शन से लेकर कॉमेडी तक, हर तरह की फिल्मों में काम किया है। गोविंदा की निजी जिंदगी भी काफी फिल्मी रही। एक समय पर उनका नाम अभिनेत्री नीलम से भी जुड़ा। कहा तो ये तक जाता है कि गोविंदा ने नीलम के लिए अपनी सगाई तक तोड़ दी थी।
नीलम एक बार मुंबई घूमने आई थीं, इसी दौरान उन्हें डायरेक्टर रमेश बहल ने देखा और एक फिल्म के लिए अप्रोच किया। नीलम ने 1984 में फिल्म 'जवानी' से डेब्यू किया । इस फिल्म में उनके साथ करण शाह थे। ये फिल्म फ्लॉप हो गई थी लेकिन नीलम की खूबसूरती और अदाकारी की बहुत तारीफ हुई थी। इसके बाद उन्हें कुछ अच्छे ऑफर मिले। नीलम ने आमिर खान और सलमान खान के साथ भी काम किया। उन्होंने गोविंदा के साथ 10 फिल्में कीं, जिनमें 6 हिट रहीं। उनकी आखिरी फिल्म 'कसम' थी जो साल 2001 में रिलीज हुई थी। नीलम का गोविंदा के साथ लंबा अफेयर रहा। उस समय गोविंदा भी नए थे। जब वो नीलम से मिले तो उनसे प्यार कर बैठे।
उस दौरान गोविंदा, सुनीता को भी डेट कर रहे थे। नीलम की वजह से सुनीता और गोविंदा की बहुत लड़ाई होती थी। यहां तक कि नीलम के लिए गोविंदा ने सुनीता के साथ अपनी सगाई भी तोड़ दी थी । वो नीलम से शादी करना चाहते थे। लेकिन गोविंदा की मां चाहती थीं कि अगर उन्होंने सुनीता को जुबान दी है तो उन्हीं से शादी करें।
एक इंटरव्यू में गोविंदा ने कहा था, 'नीलम से मेरी पहली मुलाकात पन्नालाल मेहरा के ऑफिस पर हुई थी। उसने मुझे हैल्लो बोला और अंग्रेजी में हाथ तंग होने के कारण मैं उससे बात करने में संकोच कर रहा था। मुझे इस बात का भी डर सता रहा था कि मैं सेट पर उससे कैसे बात करुंगा। मैं नीलम के बारे में ज्यादा से ज्यादा जानना चाहता था। मुझे विश्वास ही नहीं होता था कि नाम और शोहरत कमाने के बाद भी वह इतनी दयालु हो सकती हैं।'
उन्होंने आगे कहा, 'मैं घर पर भी नीलम की बातें किया करता था। यहां तक कि सुनीता के संग रिश्ता जुड़ जाने के बाद मैं उससे नीलम जैसा बनने के लिए कहता था। मैं सुनीता से कहता कि तुम्हें नीलम से सीखना चाहिए। इस बात से सुनीता परेशान हो जाती थी। एक दिन सुनीता ने नीलम के लिए कुछ कह दिया इस बात से मैं इतना ज्यादा अग्रेसिव हो गया कि मैं सुनीता के संग अपनी सगाई तोड़ दी थी। मेरे पिता भी चाहते थे कि मैं नीलम से शादी करुं क्योंकि वह उसे बहुत पसंद करते थे। लेकिन मेरी मां का मानना था कि मैंने सुनीता को अपनी जुबान दी है जिसे उसे पूरा करना चाहिए।'

बता दें कि गोविंदा ने 11 मार्च 1987 को सुनीता से शादी रचा ली थी। लेकिन नीलम इसके कई साल बाद तक कुंवारी रहीं। 2011 में नीलम ने एक्टर समीर सोनी से शादी कर ली